नंदगंज(ग़ाज़ीपुर)।नंदगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होली का पर्व इस वर्ष पूरे उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र में रंगों की फुहार और ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजने लगी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-गुलाल के साथ सड़कों और मोहल्लों में निकल पड़े। लोगों ने एक-दूसरे पर रंग डालकर तथा गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं।
ग्रामीण इलाकों में भी होली को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह टोलियां बनाकर युवाओं ने फाग गीत गाए और पारंपरिक अंदाज में पर्व का आनंद लिया। युवको ने ट्रैक्टर —ट्राली पर चलता फिरता स्विंग पुल बनाकर बाजार में भ्रमण कर होली का एक नए अंदाज में आनंद लिया।
शाम के समय लोगों ने अपने परिचितों, रिश्तेदारों और मित्रों के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। घरों में पारंपरिक व्यंजन जैसे गुजिया, दही-बड़े, पापड़ और अन्य पकवान बनाए गए, जिनका सभी ने मिलकर आनंद लिया।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्र में लगातार पुलिस चक्रमण करती रही और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की सक्रियता के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
इस प्रकार नंदगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में होली का पर्व पारंपरिक उल्लास, आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।
