गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी 31 वर्षीय जितेंद्र गुप्ता को 21 फरवरी को कथित रूप से कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र टेंट का काम कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव के सिद्धार्थ खरवार और बृजेश खरवार सहित 8 से 10 लोगों ने उन्हें रोक लिया और ईंट व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें पहले बाराचवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर किया गया। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। 2 मार्च, सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक की मां लालसा देवी ने करीमुद्दीनपुर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
