भांवरकोल/गाजीपुर। स्थानीय विकास खंड भांवरकोल क्षेत्र के ग्राम पंचायत महेशपुर द्वितीय स्थित सत्यम लोक धाम आश्रम माता दुर्गा मंदिर की स्थापना की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर एक दिवसीय सुंदरकांड रामायण पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।सुंदरकांड पाठ का समापन मंगलवार दोपहर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन भक्ति, श्रद्धा और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
उल्लेखनीय है कि इस भव्य मंदिर का निर्माण दुर्गा माता के परम भक्त एवं एसआई पद से सेवानिवृत्त छोटे लाल पांडेय ने एक वर्ष पूर्व अपनी निजी भूमि पर कराया था। उनका उद्देश्य था कि आसपास के श्रद्धालुओं को जगत जननी मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं के दर्शन सुलभ हो सकें। इस अवसर पर छोटे लाल पांडेय ने कहा कि मानव जीवन को सफल बनाना है तो माता जगत जननी की आराधना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भक्तों से नियमित पूजा-पाठ और धार्मिक मूल्यों के पालन का आह्वान किया।कार्यक्रम में आसपास के हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा।
