गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर स्थित 33 केवीए के पुराने विद्युत उपकेंद्र पर कुंडेसर से आने वाली 33 हजार वोल्ट लाइन का केबिल बॉक्स जल जाने से गुरुवार आधी रात से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण उपकेंद्र से जुड़े पांच फीडरों की सप्लाई करीब 16 घंटे तक बाधित रही। शुक्रवार शाम आपूर्ति बहाल होने पर हजारों उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अचानक 33 हजार लाइन की आपूर्ति बंद हो गई। कुंडेसर उपकेंद्र से कई बार लाइन चालू करने का प्रयास किया गया, लेकिन सप्लाई होल्ड नहीं हो सकी। इसके बाद सुबह विभागीय लाइनमैनों ने पेट्रोलिंग की। जांच के दौरान कुंडेसर-शेरपुर मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास फाल्ट मिला।
पता चला कि 33 हजार लाइन का केबिल बॉक्स जल गया था, जिससे पूरी लाइन बाधित हो गई। केबिल बॉक्स की मरम्मत के लिए विभागीय कारीगर तत्काल मौके पर जुट गए। करीब शाम 3:45 बजे मरम्मत कार्य पूरा हुआ, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इस उपकेंद्र से हाटा, टड़वा, राजापुर, हरिहरपुर और गौसपुर फीडर के माध्यम से लगभग आठ हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होती है। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ नलकूप संचालित करने वाले किसान भी शामिल हैं। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा, वहीं किसानों को सिंचाई कार्य में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
अवर अभियंता विनोद कुमार यादव ने बताया कि केबिल बॉक्स जलने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे मरम्मत के बाद ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
