नंदगंज (गाज़ीपुर), 22 फरवरी। क्षेत्र के स्थानीय बाजार के प्रतिष्ठित दवा व्यवसायी एवं ड्रग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी नंदगंज के महामंत्री फहीम अख्तर के 6 वर्षीय पुत्र अरहम फहीम ने कम उम्र में रोज़ा रखकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। अरहम के इस कदम से परिवार और आसपास के क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अरहम ने पूरे उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन के साथ अपना रोज़ा पूरा किया। इस खास मौके को परिवारजनों ने यादगार बना दिया। उनके मामा जीशान अहमद और फरहान अहमद ने अरहम को पगड़ी बांधकर और माला पहनाकर सम्मानित किया तथा दुआओं से नवाज़ा।
अरहम सेंट जॉन्स स्कूल गाज़ीपुर में यूकेजी के छात्र हैं। इतनी कम उम्र में धार्मिक आस्था और संयम का परिचय देने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने उनकी सराहना की।
इस अवसर पर हाफिज अहद सहित अन्य रिश्तेदार और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने अरहम को रोज़ा रखने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिजनों का कहना है कि बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार और धार्मिक मूल्यों का समावेश होना चाहिए, जिससे वे आगे चलकर एक अच्छे इंसान बन सकें।
अरहम के इस सराहनीय प्रयास की क्षेत्र में चर्चा हो रही है और लोग उनके जज़्बे की खुलकर प्रशंसा कर रहे हैं।
