शिव विवाह का दिव्य वर्णन सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, अलौकिक बारात में शामिल हुए भूत-प्रेत और औघड़


गाजीपुर । क्षेत्र के शेरपुर खुर्द स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित महामृत्युंजय यज्ञ के अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। यज्ञ के साथ आयोजित संगीतमय श्री राम कथा में वृंदावन से पधारे कथावाचक वृंदावन दास जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का ऐसा भावपूर्ण वर्णन किया कि पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथावाचक ने बड़े ही रोचक ढंग से बताया कि जब भगवान शिव की बारात हिमालय नगरी पहुँची तो माता पार्वती के माता-पिता बारातियों का अद्भुत स्वरूप देखकर आश्चर्यचकित रह गए। किसी के शरीर पर भस्म, किसी के गले में सर्प, कोई औघड़, कोई भूत-प्रेत ऐसी अलौकिक और विलक्षण बारात पहले कभी नहीं देखी गई थी। शिव स्वयं जटाजूट धारी, गले में नाग, शरीर पर भस्म रमाए, नंदी पर सवार, वैराग्य और तेज का अद्भुत संगम थे। उन्होंने कथा में बताया गया कि माता पार्वती की ओर से उच्च कुलों के राजा-महाराजा और देवगण उपस्थित थे, किंतु भगवान शिव की ओर से कोई सांसारिक रिश्तेदार नहीं था, क्योंकि वे समस्त सृष्टि के स्वामी हैं, न उनका आदि है, न अंत। उनके लिए पूरा जगत ही परिवार है। यही कारण है कि देवता, दानव, सिद्ध, गंधर्व ही नहीं, पशु-पक्षी, कीट-पतंग और यहाँ तक कि भूत-पिशाच भी उनके विवाह में बाराती बनकर सम्मिलित हुए। जैसे-जैसे विवाह प्रसंग आगे बढ़ता गया, पंडाल में भक्ति की सरिता बहने लगी। मधुर भजनों और मनोहर गीतों ने वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालु महिलाएँ और पुरुष शिव-पार्वती के दिव्य मिलन का श्रवण कर भाव-विभोर हो उठे। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजायमान हो गया।
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कथा का रसास्वादन करते हुए स्वयं को धन्य महसूस किया। शिव-पार्वती विवाह की यह प्रस्तुति न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता का संदेश भी दे गई। आयोजन में गोवर्धन शर्मा, नरेन्द्र भार्गव , बृंन्दावन दास जी, हेमनाथ राय, रमेश राय, राजेश राय बागी,मिथिलेश राय ओमप्रकाश राय, डा०आलोक राय, धन्नजय राय, ओमप्रकाश मिश्र, रितेश राय राहुल राय, सुदामा यादव, नरेंद्र राय, दीपू राय, संजीव राय,आशीष राय,अंजनी राय, मुन्ना राय सहित काफी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें