गाजीपुर। मुहम्मदाबाद स्थित 33 केवीए नए विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार सुबह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाने से कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर ट्रिप होने से कस्बा और अन्य फीडर की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। करीब 25 हजार की आबादी वाले लगभग तीन हजार उपभोक्ता बिजली संकट से जूझते रहे। पेयजल आपूर्ति सहित दैनिक कार्यों पर भी इसका सीधा असर पड़ा। बताया जा रहा है कि सुबह करीब छह बजे अचानक तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर ट्रिप कर गया। सूचना मिलते ही एसडीओ अमित राय और अवर अभियंता विनोद यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, लेकिन स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान संभव नहीं हो सका। इसके बाद जिला मुख्यालय को सूचित किया गया।
इसी बीच, नगर के पुराने विद्युत उपकेंद्र में भी सोमवार देर रात करीब एक बजे इनकमिंग मशीन में चूहा घुस जाने से ब्लास्ट हो गया, जिससे टड़वा, हाटा और राजापुर फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि स्थानीय स्तर पर खराबी को सुबह दुरुस्त कर लिया गया था, लेकिन तकनीकी परीक्षण के अभाव में आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही थी।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी अमित कुमार राय ने बताया कि 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर सप्लाई सुचारू रूप से चालू कर दी गई है। इस दौरान आठ घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
