सेवराई।तहसील क्षेत्र के रेवतीपुर थाना अंतर्गत उतरौली गांव स्थित सलेमपुर डेरा नट बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बस्ती के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था। इसी दौरान मुहम्मद जान पुत्र कलीम (लगभग 18 वर्ष) के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उसके चचेरे भाई की शादी की रस्म अदायगी हो रही थी और घर पर टेंट लगाने का कार्य जारी था।
बताया जा रहा है कि टेंट का लोहे का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया, जिससे करंट दौड़ गया और मुहम्मद जान उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और मुहम्मद जान भी पढ़ाई के साथ पिता का हाथ बंटाते थे
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर उतरौली-नगसर मार्ग को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली का तार नीचे लटकने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
