महाशिवरात्रि पर श्रीपुर गांव में नवनिर्मित शिवालय में विराजे भोलेनाथ, भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा वातावरण


गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के श्रीपुर गांव में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नवनिर्मित शिवालय में भगवान भोलेनाथ विधिवत मंत्रोच्चार के बीच विराजमान हुए। मंदिर परिसर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा रहा और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया तथा सुख-समृद्धि की कामना की।

शनिवार की संध्या आयोजित भव्य भजन संध्या ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया था। सुप्रसिद्ध गायिका वैष्णवी राय ने अपने मधुर और ओजपूर्ण भक्ति गीतों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। शिव स्तुति और विवाह गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। दीपों की रोशनी और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया।

महाशिवरात्रि पर्व पर देव पूजन, प्राण प्रतिष्ठा, भगवान का विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक, शिव आरती, हवन एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए अनुष्ठानों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।

16 फरवरी (सोमवार) को कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस दिव्य आयोजन को सफल बनाएं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें