महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में गूंजा ‘हर-हर महादेव’


भांवरकोल: देवों के देव भगवान शिव की आराधना के महापर्व महाशिवरात्रि पर क्षेत्र के मंदिरों और गंगा घाटों पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर दान-दक्षिणा का भी सिलसिला देर तक चलता रहा। भदौरा स्थित अति प्राचीन बाबा भदेश्वर नाथ शिव मंदिर सहित आसपास के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त ( हर-हर महादेव ) और (ॐ नमः शिवाय) के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए उत्साहित दिखाई दिए। मंदिरों में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर दूध, बेलपत्र , धतूरा, पुष्प और कमलगट्टे अर्पित किए। शिवालयों में श्री शिवाय नमस्तुभ्यम, के मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं और बच्चों ने मेले में सजी दुकानों से जमकर खरीदारी की, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। मंदिरों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह फलाहार, चाय, दूध और शीतल जल का वितरण किया गया। वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा और थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय सदल-बल क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते नजर आए।महाशिवरात्रि के इस अवसर पर पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें