गाजीपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गाजीपुर नगर इकाई द्वारा बुधवार को पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। नगर के महात्मा गांधी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर और दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को नमन किया।
देश जवानों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा: ईशान पॉल
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ईशान पॉल ने शहीदों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे देश के जवानों के बलिदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। आज अगर हम अपने घरों में सुरक्षित हैं और सभी त्योहार व खुशियाँ बिना किसी भय के मना पा रहे हैं, तो यह केवल हमारे देश के वीर सपूतों की बदौलत ही संभव है।” उन्होंने आगे कहा कि यह राष्ट्र सेना के जवानों का आजीवन ऋणी रहेगा और उनकी शहादत युवा पीढ़ी के लिए राष्ट्रप्रेम की सर्वोच्च प्रेरणा है श्रद्धांजलि सभा के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद जवान अमर रहें’ के नारे लगाए। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राहुल यादव,आदर्श शर्मा, पुनीत,आदित्य सहित भारी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे सभी ने नम आंखों से शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
