भांवरकोल के युवक ने बक्सर पुल से गंगा में लगाई छलांग, नाविकों की तत्परता से बची जान पारिवारिक कलह बना वजह


गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा बक्सर पुल से गंगा नदी में छलांग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हालांकि, मौके पर मौजूद नाविकों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भांवरकोल निवासी डब्लू कुमार (उम्र 24 लगभग) पुत्र नंदलाल, युवक टेंपो चलाता है। रोज कि तरह टेंपो लेकर घर से निकला और बक्सर पुल पर रुका और बिना किसी को कुछ समझने का मौका दिए सीधे गंगा नदी में छलांग लगा दी। उस समय गंगा में कुछ दूरी पर भरौली गांव निवासी स्थानीय नाविक चंदन कन्नौजिया और अभिषेक चौधरी मछली पकड़ रहे थे। जैसे ही उन्होंने युवक को पानी में गिरते देखा, वे तुरंत अपनी नाव लेकर उसकी ओर दौड़े।

 

नाविकों ने गहरे पानी में फंसे युवक को पकड़कर नाव में खींच लिया और सुरक्षित बाहर निकाला। युवक के पानी से बाहर आते ही स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली। इसके बाद डब्लू कुमार बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए अपना टेंपो चालू कर सीधे अपने घर भांवरकोल की ओर चला गया।

 

घटना के बाद युवक ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ चल रहे लगातार विवाद से बेहद परेशान था। उसके अनुसार, उसकी पत्नी रोज-रोज झगड़ा करती है और उस पर अपने माता-पिता का साथ छोड़ने का दबाव बनाती है। उसने कहा, मैं अपने माता-पिता को किसी भी हालत में नहीं छोड़ सकता। इसी मानसिक दबाव और घरेलू कलह के चलते उसने आत्महत्या करने के इरादे से गंगा में छलांग लगाई थी।

 

युवक के पिता नंदलाल कुमार ने बताया कि उनके कुल आठ बेटे और एक बेटी है। डब्लू कुमार तीसरे नंबर का बेटा है, जिसकी शादी बिहार में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू अक्सर पैसों की मांग करती रहती है, जबकि उनका बेटा टेंपो चलाकर सीमित आमदनी कमाता है। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं लकवा के मरीज हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है।

 

इस पूरे मामले पर नरही थानाध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना नरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत नहीं हुई है और इस घटनाक्रम कि कोई सुचना नहीं मिली है। जहां घटना घटी हैं वह क्षेत्र बक्सर बिहार में है। भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि अभी तक उनके पास इस घटना को लेकर कोई सुचना नहीं आई है। सुचना मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय लोगों ने नाविकों की बहादुरी की सराहना की है और कहा है कि यदि वे समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं कई लोगों ने इस घटना को बढ़ते पारिवारिक तनाव और मानसिक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे मामलों में परिवार और समाज को मिलकर समाधान निकालना चाहिए।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें