भांवरकोल । थाना भांवरकोल क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बढ़नपुरा थाना भांवरकोल निवासी रागनी देवी पत्नी सर्वजीत कुमार ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 16 नवंबर 2017 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सर्वजीत कुमार पुत्र महेश भारती के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति सर्वजीत कुमार, ससुर महेश भारती, सास कंचन देवी तथा अन्य परिजनों द्वारा दो लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग की जाती रही। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कई बार मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने बताया कि जब वह अपने मायके ग्राम चन्दनी थाना मुहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर से विदा होकर ससुराल पहुंची, तो वहां दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और बढ़ गया। आरोप है कि मांग पूरी न करने पर उसे घर से निकालने की धमकी दी गई। थक-हारकर आखिर कार पीड़िता ने थाना भांवरकोल पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी है और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध थानाध्यक्ष भांवरकोल संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रथमिकी दर्ज कर अग्रिम करवाई की जा रही है।
