भांवरकोल/गाजीपुर। क्षेत्र के कनुवान गांव में डॉ. परशुराम उपाध्याय के आवास पर सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन के पश्चात कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोटवां गंगा तट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र गंगाजल भरा। कलश यात्रा में रथ, गाजे-बाजे एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयघोष करते हुए चल रहे थे, वहीं मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई।
कथा स्थल पर आचार्य पंडित अमित मिश्र जी द्वारा श्रीमद् भागवत की पूजा कर कलश की स्थापना की गई। वृंदावन से पधारे कथा व्यास प्रेमनिधि दास जी महाराज ने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा के श्रवण से जीव के पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 3 फरवरी से 9 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा। अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ। इस अवसर पर डॉ. परशुराम उपाध्याय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
