सेवराई। स्थानीय सेवराई गांव में आयोजित बाबा धामदेव राव स्मृति वालीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में सेवराई बनाम युवराजपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में सेवराई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युवराजपुर को एक के मुकाबले तीन सेटों से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
मैच की शुरुआत से ही सेवराई की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के तालमेल, सटीक सर्विस और मजबूत डिफेंस ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। युवराजपुर की टीम ने भी कड़ा मुकाबला दिया, लेकिन निर्णायक क्षणों में सेवराई के खिलाड़ियों ने बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।
वहीं प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में करहिया बनाम ढड़नी के बीच मैच खेला गया। इस मैच में करहिया की टीम ने दबदबा बनाते हुए ढड़नी को लगातार दो सेटों में पराजित कर अगले चक्र में अपनी जगह पक्की कर ली। करहिया के खिलाड़ियों का समन्वय और तेज खेल निर्णायक साबित हुआ।
प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दर्शकों की भारी भीड़ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर टुनटुन सिंह, निखिल सिंह, राजू सिंह, शिवम सिंह, विक्की सिंह, शैलेंद्र सिंह, बेचन यादव सहित कई गणमान्य लोग व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ है।
