गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 321.5 किमी पर रविवार को दूसरी बार भी दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गंधापा निवासी कैलाश सिंह यादव (पुत्र चिरकुट यादव) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे कैलाश यादव बाराचवर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पौधों की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से बिहार की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की सहायता टीम मौके पर पहुंची। वहीं, बरेसर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया गया कि मृतक कैलाश यादव पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओरिएंटल कंपनी के लिए पौधारोपण और देखभाल का कार्य करते थे। कंपनी के एक जिम्मेदार अधिकारी ने कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
