गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के अमरूपुर (तरका) में चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। यज्ञ स्थल पर चल रही धार्मिक कथा में लोग पूरी आस्था और भक्ति भाव के साथ भाग ले रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है और “जय लक्ष्मी नारायण” के जयकारों से गूंज रहा है।
इसी क्रम में मुहम्मदाबाद से समाजवादी पार्टी के विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी ने महायज्ञ में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने संत कन्हैया दास महाराज से आशीर्वाद लिया और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इस अवसर पर संत कन्हैया दास महाराज ने कहा कि यज्ञ के दौरान सभी देवी-देवता सूक्ष्म रूप में उपस्थित होकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यज्ञ और उसकी परिक्रमा की परंपरा वैदिक काल से चली आ रही है। यज्ञ से जीव में भक्ति ,ज्ञान एवं सद्भाव के गुण उत्पन्न होते है। साथ ही समाज में भाईचारगी एवं सद्भाव का वातावरण का सृजन होता है।
विधायक सुहैब अंसारी ने कहा कि यज्ञ हमें सत्य और सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस महायज्ञ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे पूरे क्षेत्र में भक्ति, ज्ञान और आपसी भाईचारे का वातावरण बना है।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक अनुष्ठान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
