गाजीपुर। आदर्श सेवा क्लब करीमुद्दीनपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त अभियंता अरविंद राय ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच पुलिस लाइन प्रयागराज और गड़ार (गाजीपुर) के बीच खेला गया, जिसमें प्रयागराज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
उद्घाटन अवसर पर अरविंद राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय दर्शकों को राज्य स्तरीय टीमों का खेल देखने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि आपसी भाईचारा और एकता भी मजबूत होती है।
मैच बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले राउंड में प्रयागराज ने 25–14 से जीत हासिल की, जबकि दूसरे राउंड में 25–19 से गड़ार की टीम को हराकर मैच अपने नाम कर लिया। मैच के निर्णायक सत्येंद्र पांडे और धनंजय राय रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल की ओर से विनोद राय ‘गुड्डू’ ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
