नंदगंज (गाज़ीपुर)। नंदगंज बाजार के मध्य मुन्ना चौरसिया (पान भंडार) की दुकान के सामने विद्युत पोल पर 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार अत्यधिक लोड के कारण एक तरफ झुककर लटक गया, जिससे क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह तार किसी भी समय बड़ा हादसा कर सकता था।
मामले की सूचना पर बिजली विभाग के जे.ई. द्वारा तार को शीघ्र ठीक कराने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि देर रात तक समस्या का समाधान न होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई, क्योंकि रात के समय जमानिया की ओर से ओवरलोड ट्रक इसी मार्ग से गुजरते हैं।
संभावित दुर्घटना को देखते हुए समाजसेवी शिवप्रसाद सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और एहतियातन सड़क को आधा ब्लॉक कराया, जिससे छोटे वाहन सुरक्षित रूप से निकल सकें और बड़े वाहन सावधानीपूर्वक आगे बढ़ें। उनकी इस तत्परता से किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक विद्युत तारों की नियमित जांच कर समय रहते मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो।
