नंदगंज (गाज़ीपुर)। गुरुवार को ग्राम सभा बरहपुर लखमीपुर भरौटिया में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम सभा के प्रधान पद के प्रत्याशी एवं समाजसेवी शिवप्रसाद ने गाँव के युवाओं को वॉलीबॉल किट भेंट कर उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर शिवप्रसाद ने कहा कि “मेरा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है — स्वस्थ युवा और सशक्त ग्राम सभा। खेल केवल शारीरिक मजबूती नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।”
उन्होंने आगे कहा कि ग्राम सभा के ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ वे सदैव खड़े हैं, जो अपने गाँव का नाम राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि खेल के माध्यम से युवा एयर फोर्स, नेवी, रेलवे जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन पाकर अपने जीवन को सुरक्षित और सफल बना सकते हैं।
शिवप्रसाद ने युवाओं को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में उन्हें एक मजबूत और सुंदर मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर ख्याति और तरक्की हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में गाँव के युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बरहपुर ग्राम सभा के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
