गाजीपुर। उतरांव क्षेत्र के खडहरा ग्राम सभा में मंगलवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहराजपुर गांव से पुआल लादकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाँगा गांव जा रहे चालक के ट्रैक्टर पर लदा पुआल गांव के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे पुआल में अचानक आग लग गई।
आग की लपटें उठते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत सतर्कता दिखाते हुए समरसेबल पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जलने से बचा लिया गया।
ग्राम प्रधान अभिमन्यु कश्यप ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बिजली के झूलते तारों से हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांव में लटके तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
