गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान पुराने मार्गों को बंद किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को एक्सप्रेसवे पर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर उतरने-चढ़ने (स्लिप रोड) की मांग करते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की अपील की।
ग्रामीणों का आरोप है कि लट्टुडीह से कबीरपुर मुख्य मार्ग पर चैनल नंबर-4 के पास देवरिया स्लिप रोड बंद कर दिए जाने से करीब 25–30 गांवों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यह मार्ग ब्लॉक मुख्यालय और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता रहा है। मार्ग बंद होने से छात्रों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट में वर्षों पुरानी और अत्यंत महत्वपूर्ण पीडब्ल्यूडी सड़क की अनदेखी कैसे की गई। उन्होंने मांग की कि बंद किए गए स्लिप रोड को तत्काल बहाल किया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र की आवाजाही सामान्य हो सके।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, विनोद मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य प्रतापनारायण मिश्र, पप्पू सिंह, गुड्डू, बिनायक प्रोडक्ट सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या से जोगा, मिश्रवलिया, देवरिया, मृरगुपुर, मुसरदेवा, खरडीहा, ज्ञानपुर, लालापुर सहित लगभग 25 गांव प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की गई है।
