गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के सोनाड़ी गांव में 18 से 24 जनवरी तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ की शुरुआत भव्य कलश यात्रा एवं शोभा यात्रा के साथ हुई। बैंड-बाजे, हाथी-घोड़ों के साथ यज्ञकर्ता श्री हरिहर महाराज उर्फ नागा जी के नेतृत्व में यह यात्रा स्थानीय यज्ञशाला से निकलकर गौसपुर गंगा घाट तक पहुंची, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गौसपुर गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर कलश यात्रा पुनः यज्ञशाला पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
सहयोगी यज्ञकर्ता जीऊत महाराज ने बताया कि महायज्ञ के दौरान विभिन्न विद्वान प्रवचनकर्ताओं द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन होंगे, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा। वहीं 25 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
यज्ञकर्ता श्री हरिहर महाराज ने कहा कि रुद्र महायज्ञ से आशुतोष भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों के सांसारिक कष्टों का निवारण करते हैं। इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
