शाम होते ही चला बुलडोजर, बिना नोटिस ढहाई गई 45 साल पुरानी दीवार; परेवा गांव में फूटा जनाक्रोश


शादियाबाद (गाजीपुर)

शादियाबाद थाना क्षेत्र के परेवा गांव में तहसीलदार जखनिया द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के करीब 45 वर्ष पुरानी दीवार पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों के अनुसार, शाम करीब छह बजे राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और विवादित दीवार को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिलाओं और बुजुर्गों ने कार्रवाई का विरोध किया और इसे अन्यायपूर्ण बताया। वर्तमान ग्राम प्रधान ने भी बिना नोटिस की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए।

ग्रामीणों ने बताया कि जिस भूमि को लेकर यह कार्रवाई की गई, उससे संबंधित मामला पहले से न्यायालय में चल चुका है। गांव के एक व्यक्ति ने दो वर्ष पूर्व पीछे की जमीन खरीदी थी और रास्ते को लेकर मुकदमा दायर किया था, लेकिन न्यायालय से रास्ते की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बावजूद बुलडोजर कार्रवाई किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।

वहीं तहसीलदार जखनिया का कहना है कि यह कार्रवाई वर्ष 2024 में पारित आदेश के अनुपालन में की गई है। उनके अनुसार मामला नवीन परती भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ा है और संबंधित भूमि किसी के नाम से दर्ज नहीं है।

दूसरी ओर गांव की महिलाओं का कहना है कि ध्वस्त की गई भूमि उनके नाम दर्ज है और इसकी वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि ध्वस्तीकरण का आदेश पहले से था तो प्रभावित पक्ष और आसपास के लोगों को पूर्व सूचना क्यों नहीं दी गई।

बिना नोटिस की गई इस कार्रवाई से पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह लोग इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी साफ देखी जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें