गाजीपुर। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत नोनहरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोहत्या से जुड़े मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त गयासुद्दीन उर्फ जियाउ उर्फ जियाउद्दीन कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 16 जनवरी 2026 को ग्राम रसूलपुर हबीबुल्ला स्थित हाईवे पुल के नीचे से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ गश्त व अपराध नियंत्रण में लगे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपी थाना नोनहरा पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 17/2026 धारा 3/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत वांछित था। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त गयासुद्दीन उर्फ जियाउ उर्फ जियाउद्दीन कुरैशी (उम्र लगभग 35 वर्ष) ग्राम पारा, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट और धमकी सहित कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में हत्या व आर्म्स एक्ट, वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट और वर्तमान गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामला शामिल है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर प्रभाव पड़ेगा और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
