सेवराई।(गाजीपुर)जमानिया विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के भतीजे रघुराज प्रताप सिंह के असामयिक निधन पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को सेवराई गांव पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया।
शिवपाल यादव ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि यह बेहद दुखदायी क्षण है। इस दुख की घड़ी में पूरा समाजवादी पार्टी परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मीडिया से वार्ता में शिवपाल यादव ने मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर हाल ही में दिवंगत हुए सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस सीट से सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह को चुनाव मैदान में उतारेगी।
शिवपाल यादव ने भाजपा से नाराज ब्राह्मण समाज के लोगों से अपील की कि वे समाजवादी पार्टी में आएं, क्योंकि सपा में सभी वर्गों को पूरा सम्मान मिलता है। वहीं, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। जो व्यक्ति पहले भाजपा को गाली देता था, वही आज भाजपा सरकार में मंत्री बना बैठा है।
इस अवसर पर एमएलसी यशवंत सिंह, सांसद राजीव सिंह, विधायक वीरेंद्र यादव, जय किशन साहू, मन्नू अंसारी, सुएब अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
