सेवराई। तहसील क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। गलन, आसमान में छाए बादल और पछुआ हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह और शाम के समय बढ़ती ठिठुरन के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और दिहाड़ी मजदूर इस ठंड से सर्वाधिक प्रभावित हैं। ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं। चौक-चौराहों, बस स्टैंडों, दुकानों और गांव की गलियों में लोग अलाव के इर्द-गिर्द बैठकर खुद को गर्म करते देखे जा रहे हैं।
ठंड बढ़ने के कारण बाजारों में भी लोगों का आना जाना दिख रहा है और सुबह के समय आवागमन में कमी आई है। किसान भी ठंड और घने कोहरे के चलते खेतों में काम करने में असहज महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
