मच्छरताली में संत पंकज जी महाराज का सत्संग, मानव जीवन की सार्थकता व सदाचार का दिया संदेश


शादियाबाद (गाजीपुर)। आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा के अंतर्गत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी संत पंकज जी महाराज का सघन सत्संग भ्रमण जारी है। इसी क्रम में वह थाना बिरनो क्षेत्र के विकास खंड मरदह अंतर्गत ग्राम मच्छरताली (रमदोपुर) पहुंचे, जहां भव्य सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

सत्संग को संबोधित करते हुए संत पंकज जी महाराज ने मानव शरीर की दुर्लभता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शरीर पूर्व जन्मों के शुभ कर्मों और संत कृपा से प्राप्त होता है। इसे व्यर्थ न गंवाकर ईश्वर भक्ति और सत्संग में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु घट-घट में विराजमान हैं और मनुष्य के विचारों को परखते हैं। जिसे सच्चे मन से ईश्वर प्राप्ति की चाह होती है, उसे सत्संत और सतगुरु अवश्य मिलते हैं।

उन्होंने बताया कि सतगुरु मिलने पर सुरत-शब्द योग (नाम योग) का मार्ग प्राप्त होता है, जिससे आत्मा देववाणी और अनहद नाद से जुड़ती है तथा गुरु की शक्ति का अनुभव होता है। संत पंकज जी महाराज ने कहा कि चरित्र ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसके बिना जीवन का कोई मूल्य नहीं। उन्होंने सामाजिक सौहार्द, समरसता और सदाचार को समय की आवश्यकता बताया।

युवाओं को नशा और मांसाहार से दूर रहने का आह्वान करते हुए संत पंकज जी महाराज ने कहा कि समाज में बढ़ता नशा, शराब और मांसाहार हिंसा व अपराध को जन्म दे रहा है। भौतिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक शिक्षा को भी अपनाना जरूरी है। उन्होंने विश्व की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए बाबा जयगुरुदेव जी महाराज की भविष्यवाणियों का उल्लेख किया और कहा कि ऐसे संकटपूर्ण समय में ईश्वर भजन और सत्संग ही मानवता का रक्षक मार्ग है।

कार्यक्रम में संस्था के महामंत्री बाबूराम, मथुरा आश्रम के प्रबंधक संतराम चौधरी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय झा तथा राष्ट्रीय उपदेशक राजेश ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि बाबा जयगुरुदेव जी महाराज द्वारा प्रतिपादित शाकाहार, सदाचार और मद्यनिषेध के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर आयोजक हरिहर सिंह यादव, डॉ. उमाशंकर यादव, संजय सिंह यादव, लाखेन्द्र यादव, राजेश यादव, गोविंद यादव, चंद्रशेखर, रामराजपाल, श्रीमती चिंता देवी, श्रीमती रीता देवी, अंगद पाल, बीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें