घर से बरामद हुए गैस सिलेंडर, बर्तन, साइकिल सहित कई चोरी के सामान
कुशीनगर । नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सूरजनगर गांव निवासी शिव गुप्ता के घर 31 मार्च की रात आलू चोरी की घटना सामने आई। पीड़ित द्वारा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर चोर की पहचान हो गई। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित के साथ आरोपी के घर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुका था। पुलिस की जांच के दौरान आरोपी के घर से चोरी किए गए आलू की बोरियां बरामद हुईं। इसके अलावा वहां से अन्य लोगों के चोरी हुए गैस सिलेंडर, बर्तन, साइकिल समेत कई अन्य सामान भी मिले।
पुलिस ने बरामद सामानों को आरोपी के बगलगीर के घर रखवाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर जिन लोगों के सामान आरोपी के घर से मिले हैं, उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त व्यक्ति चोरी को अपना पेशा बना चुका है और आए दिन कहीं न कहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहता है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस कई बार उसे पकड़कर थाने ले गई, लेकिन कुछ ही घंटों में छोड़ दिए जाने से उसके हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

