वरिष्ठ अधिवक्ता शम्सुल हसन लगातार पांचवीं बार मऊ सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित,घर पहुँचने पर हुआ भव्य स्वागत
मऊ_ मऊ सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता शम्सुल हसन ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया है। शनिवार को हुई मतगणना के बाद वे अपने प्रतिद्वंद्वी को 21 मतों से पराजित कर लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुने गए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही घोसी नगर क्षेत्र के बड़ागांव स्थित उनके आवास पर समर्थकों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया। विजयी प्रत्याशी के घर पहुंचने पर लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
बड़ागांव निवासी शम्सुल हसन विधि व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। बार एसोसिएशन में उनका अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। इससे पूर्व वे चार बार अध्यक्ष और एक बार महामंत्री पद पर भी निर्वाचित हो चुके हैं।
अपनी जीत पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष शम्सुल हसन ने कहा कि यह जीत केवल एक पद नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है जिससे उनकी व्यस्तता और जवाबदेही दोनों बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है वे उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए भी सदैव तत्पर रहेंगे।
इस मौके पर दुरुल हसन, वसीउल हसन, रज़ा हैदर, सभासद आफ़ताब अहमद, फिरोज़ हैदर, प्रकाश चंद्रा, रियाज अहमद, नूर मोहम्मद और एडवोकेट मोहम्मद शम्सी अब्बास सहित बड़ी संख्या में लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
