मऊ। जनपद मऊ के घोसी नगर पंचायत क्षेत्र के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लगभग सात फीट लंबा अजगर अचानक दिखाई दिया। अजगर के निकलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरी सतर्कता के साथ अजगर को काबू में करने का प्रयास शुरू किया। विशेष उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अजगर पूरी तरह स्वस्थ था और संभवतः भोजन या सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्र में आ गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अजगर को नगर पंचायत क्षेत्र से दूर एक सुरक्षित नदी में छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी वन्य जीव के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई और अजगर को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
Esited by Umashankar
