गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत दौलतपुर मनिया में दिव्य अखण्ड दीप शक्ति स्वरूप परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर नारी जागरण नवकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह महायज्ञ अखिल विश्व गायत्री परिवार, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में 15 मार्च से 18 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
महायज्ञ के प्रथम दिन रविवार सुबह सात बजे आयोजन स्थल दौलतपुर मनिया से भव्य मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ निकली यह शोभायात्रा लोहारपुर स्थित योगीवीर गंगा घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने गंगा जल कलश में भरकर पुनः आयोजन स्थल पर वापसी की। शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजकों के अनुसार 16 और 17 मार्च को देवपूजन, यज्ञ, विभिन्न संस्कारों तथा विकास संस्कार विषयक अनुष्ठान संपन्न होंगे। वहीं 17 मार्च की शाम दीप महायज्ञ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन 18 मार्च को यज्ञीय अनुष्ठान, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन होगा।
स्थानीय गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि इस नवकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य समाज में नारी जागरण, परिवार में सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करना है। इसके साथ ही घर-घर देव स्थापना, मनुष्य में देवत्व के उदय और धरती पर स्वर्गीय वातावरण के निर्माण का संदेश भी दिया जाएगा। इस दौरान विभिन्न संस्कार निःशुल्क कराए जाएंगे।
