गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के भदौरा में पहला कदम सेवा संगठन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य ऊषा मौर्या ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल एक मंच की होती है जो उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दे सके। उन्होंने प्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार की पंक्तियां—“कौन कहता है कि आकाश में छेद नहीं होता, शौक से एक पत्थर तो उछालो यारों”—उद्धृत करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि भदौरा का यह सामाजिक संगठन हर वर्ष प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित कर ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, जो सराहनीय पहल है। साथ ही संस्था द्वारा जरूरतमंद गरीब मरीजों को निरंतर रक्त उपलब्ध कराने के कार्य की भी प्रशंसा की।
बताया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कक्षा 5 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 5 से 10 तक में प्रथम स्थान पर क्रमशः सृष्टि राय, राजकिशन कुशवाहा, काजल कुमारी, किशन राजभर, सुजीत गुप्ता और दिलीप राम रहे। द्वितीय स्थान पर प्रतिष्ठा राय, नेहा मौर्या, आस्था यादव, आशु यादव, आशुतोष यादव और समीर अंसारी रहे, जबकि तृतीय स्थान पर प्रिया कुमारी, गोविंद वल्लभ, संध्या कुमारी, राजू यादव, सत्यम कुशवाहा तथा सुमित कुशवाहा, आंचल यादव व सृष्टि यादव को स्थान मिला।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को साइकिल, द्वितीय स्थान पाने वालों को लेदर बैग, वॉल घड़ी व मेडल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को वॉल घड़ी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चौथे से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सतीश राय, ब्रिजेश सिंह, रोशन कुशवाहा, महातिम यादव, जितेंद्र सिंह, संतोष सिंह, राधेश्याम कुशवाहा, मदन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के युवा अध्यक्ष आशीष कुशवाहा ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाना और जरूरतमंद मरीजों को रक्तदान के माध्यम से जीवन बचाने में मदद करना है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सत्येंद्र कुशवाहा और गोरख कुशवाहा ने किया।
