चितहा में स्थित श्री चौरा बाबा देव स्थान पर कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ हनुमत महायज्ञ


कुशीनगर से अनिल कुमार राय

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के चितहा स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र श्री चउरा बाबा देवस्थान पर आयोजित हो रहे श्री श्री 1008 हनुमत महायज्ञ के अंतर्गत मंगलवार को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा की भव्यता, अनुशासन और श्रद्धालुओं की अपार भागीदारी ने इसे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में विशिष्ट बना दिया।
सुबह से ही देवस्थान परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश पूजन के उपरांत शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में सुसज्जित हाथी-घोड़े, आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे एवं जयकारों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर कलश यात्रियों का स्वागत करते दिखाई दिए।
कलश यात्रा की सबसे विशेष एवं आकर्षक झलक 5100 कुंवारी कन्याओं की सहभागिता रही, जिन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। कन्याओं की अनुशासित कतारें और भक्ति भाव से भरे जयकारों ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया।
इस ऐतिहासिक यात्रा में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचिका पूज्या पंडिता गौरी गौरांगी भी कलश यात्रा के साथ पदयात्रा करते हुए चल रही थीं। उनके सान्निध्य से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालु उनका आशीर्वाद लेने हेतु उमड़ते रहे।
कलश यात्रा देवस्थान परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों से होती हुई पनियहवा स्थित नारायणी नदी पहुंची, जहां वैदिक विधि से जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर लौटकर यात्रा संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मार्ग में नौरंगिया सरस्वती ग्रुप के पवन दुबे सहित अन्य समाजसेवियों द्वारा विभिन्न चौराहों पर जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई, जिससे पूरी यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस भव्य अवसर पर क्षेत्र के अनेक संभ्रांत नागरिक, जनप्रतिनिधि, धर्मप्रेमी एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जय श्रीराम, जय हनुमान एवं हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा।
कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था एवं संचालन में आयोजक शंभू शरण मिश्रा, निलेश मिश्रा एवं सोनू मिश्रा सहित समस्त आयोजन समिति के सदस्य निरंतर सक्रिय रहे। उन्होंने यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, जलपान, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
आयोजन समिति ने बताया कि हनुमत महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठान, हवन-पूजन, भंडारा एवं धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
हनुमत महायज्ञ एवं कलश यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में गहरी आस्था, उत्साह और भक्तिमय वातावरण व्याप्त है, जिससे चितहा स्थित श्री चउरा बाबा देवस्थान एक बार फिर विशाल धार्मिक संगम का साक्षी बन रहा है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें