रामकोला चीनी मिल ने कम समय व कम खर्च में गन्ना बुआई हेतु उपलब्ध कराया मैकेनिकल केन प्लांटर
कुशीनगर।रामकोला चीनी मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान 30 जनवरी तक किए जाने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। समय से भुगतान मिलने पर किसानों ने राहत की सांस ली है, जिससे वे आगामी बसंतकालीन बुआई की तैयारी सुचारु रूप से कर पा रहे हैं।
मिल के प्रधान प्रबंधक (गन्ना) इंद्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बसंत कालीन बुआई को ध्यान में रखते हुए मिल प्रबंधन ने किसानों के हित में समय से भुगतान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि समय पर धनराशि मिलने से किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि संसाधनों की व्यवस्था करने में सहूलियत होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि किसानों की लागत कम करने के उद्देश्य से मिल द्वारा अनुदान पर मैकेनिकल केन प्लांटर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गन्ना बुआई कम समय और कम खर्च में की जा सकेगी। इसके साथ ही आगामी वर्ष में किसानों की सुविधा के लिए केन हार्वेस्टर (गन्ना कटाई मशीन) उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मिल प्रबंधन की इस पहल की किसानों ने सराहना करते हुए कहा कि समय से भुगतान और आधुनिक मशीनों की सुविधा मिलने से खेती करना आसान होगा और उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
