गाज़ीपुर। ज़हूराबाद क्षेत्र के अलावलपुर स्थित स्थानीय खेल मैदान पर 25 जनवरी से आयोजित भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। कुल 16 टीमों के बीच चले कड़े संघर्ष के बाद फाइनल में आदिल फरहान और आमिर अफ़ज़ल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा, जिसमें आदिल–आमिर की जोड़ी ने 21–18 और 21–12 के सीधे सेटों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान आदिल फरहान की बेहतरीन प्लेसिंग और आक्रामक शॉट्स ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि आमिर अफ़ज़ल ने शानदार तालमेल और रणनीति के साथ अपने साथी खिलाड़ी का बखूबी साथ दिया।
मुख्य अतिथि अनिल यादव ने विजेता जोड़ी आदिल फरहान और आमिर अफ़ज़ल को चमचमाती ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं, खेल प्रेमी अमीर हमज़ा ने उपविजेता टीम फैज़ और तफ़सीर को ट्रॉफी प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए आदिल फरहान को महिमा यादव द्वारा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से सम्मानित किया गया, जबकि फाइनल में निर्णायक भूमिका निभाने वाले आमिर अफ़ज़ल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। श्रीराम फाइनेंस कंपनी की ओर से खेल भावना और उत्कृष्ट कौशल के लिए आदिल फरहान, आमिर अफ़ज़ल, दानिश खां और शादान को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर इमामुद्दीन खां, फैसल खां (सभासद), मानू हयात खां, नौशाद अंसारी, मोनू खां सहित आयोजक समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामीण, पत्रकार और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजक समिति ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
