सेवराई । क्षेत्र के स्थानीय गांव में आयोजित बाबा धामदेव राव स्मृति वालीबाल जिला स्तरीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर रहा। फाइनल में सेवराई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेहरू स्टेडियम गाजीपुर की टीम को 1-2 सेट से पराजित कर प्रतियोगिता की ट्राफी अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि समाजसेवी रंगनाथ सिंह ने विजेता सेवराई टीम और उपविजेता गाजीपुर टीम को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में सेवराई ने मऊ की टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था, जबकि गाजीपुर की टीम ने करहिया को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत गाजीपुर की टीम ने दमदार अंदाज़ में की और पहला सेट 25-17 से अपने नाम किया। हालांकि इसके बाद सेवराई की टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए दूसरे सेट में 25-20 और निर्णायक तीसरे सेट में 25-19 से जीत दर्ज कर मैच और ट्राफी दोनों पर कब्जा जमा लिया। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तर का खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रंगनाथ सिंह ने कहा कि दोनों टीमों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बढ़ती है। खेल में जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण यह होता है कि खिलाड़ी अपने अनुशासन और खेल से जनता का दिल जीतें। आज दोनों टीमों ने अनुशासन में रहकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर स्थानीय खेल प्रेमियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल रहा। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर पूरे मैच को यादगार बना दिया ।
