“रौना गांव का मामला: खुद ही जमीन नापकर कब्जा करने का प्रयास, पुलिस से शिकायत”
मुगलसराय (चंदौली)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रौना गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगई और गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार को पीड़ित अमित तिवारी ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जब वह अपनी जमीन के वैध दस्तावेज दिखाने गया, तो विपक्षियों ने न केवल उन कागजों को फर्जी करार दिया, बल्कि उसे सरेआम जान से मारने की धमकी भी दी।
अराजकता की हद: खुद बने कानून
शिकायत के अनुसार, विपक्षी संजय तिवारी और रमाशंकर तिवारी ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर खुद ही जमीन की पैमाइश शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन मवेशी बांध दिए और अपने लाव-लश्कर के साथ कब्जा करने की नीयत से नाप-जोख करने लगे और खूंटा गाड़ दिए। विरोध करने पर पीड़ित के साथ भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं और इलाके में दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की गई।
कानून पर भरोसा
पीड़ित अमित तिवारी ने मुगलसराय कोतवाली में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित को पूर्ण विश्वास है कि स्थानीय पुलिस इन अराजक तत्वों पर नकेल कसेगी और उसे उसकी जमीन पर न्याय दिलाएगी। पीड़ित ने स्पष्ट तौर पर मांग की है कि विपक्षी द्वारा गाड़े गए खूंटे को तत्काल हटाया जाए तथा राजस्व विभाग द्वारा पैमाईश के पश्चात जो भी निर्देश दिए जाएंगे वह स्वीकार होगा।
