गाजीपुर। ‘जीवन रक्षक फाउंडेशन’ के तत्वावधान में रविवार को शहनाई पैलेस, बन्धवा में राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा ने देश के विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों से आए 300 रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की।
समारोह में तीन विशेष सम्मान आकर्षण का केंद्र रहे। वाराणसी के 58 वर्षीय प्रदीत इसरानी को 245 बार रक्तदान करने के लिए ‘रक्त शिरोमणि’ सम्मान से नवाजा गया। वहीं, कोविड-19 में सराहनीय सेवा के लिए होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एम. डी. सिंह को चिकित्सा शिरोमणि और 2300 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले कुंवर वीरेन्द्र सिंह को श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान प्रदान किया गया।
शतकवीर दाताओं में महाराष्ट्र के दीपक शुक्ला व वाराणसी के राजेश गुप्ता को सम्मानित किया गया, जबकि ब्रज भूषण दूबे, डॉ. आशुतोष सिंह (बीएचयू) सहित कई अर्धशतकवीर रक्तदाता भी सम्मानित हुए। संस्था के संस्थापक शीर्षदीप शर्मा ने रक्तदान को जीवन रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए युवाओं से आगे आने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. उरूज फात्मा व टीम ने किया। अंत में संस्था के अध्यक्ष मनीष कुमार पाल ने सभी गणमान्य जनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. सानंद सिंह, डॉ. अनिता कुमारी व अविनाश जायसवाल सहित कई हस्तियां उपस्थित रहीं।
