धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ
सड़क सुरक्षा माह के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों की सक्रियता से निकले सकारात्मक परिणाम।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों से ओवर स्पीडिंग,ड्रंकन ड्राइव,ओवरटेक से बचने के साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट अवश्य पहनने हेतु की अपील।
जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ ही उनमें होने वाली मौतों में गुणात्मक रूप से कमी लाने हेतु गत दो- तीन माह से विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। उन प्रयासों का परिणाम अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है। इस वर्ष जनवरी माह में गत वर्ष के सापेक्ष सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही उनमें होने वाली मौतों में भी 45% की कमी आई है। गत वर्ष 2025 में जनवरी माह में कुल 34 सड़क दुर्घटनाओं के सापेक्ष इस वर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक कुल 25 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जो गत वर्ष के सापेक्ष लगभग 27 प्रतिशत कम है।पिछले वर्ष जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 20 लोगों की मौत हुई थी जबकि जनवरी 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या 11 है, जो गत वर्ष के सापेक्ष 45 प्रतिशत कम है। गत नवंबर माह में ही जिलाधिकारी द्वारा सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा जनपद के समस्त दुर्घटनाग्रस्त स्थलों का सर्वे कराकर उन पर आवश्यक कार्रवाई हेतु सुझाव लिए गए थे। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए थे, जिसके फलस्वरूप सड़क सुरक्षा माह के दौरान अच्छे परिणाम प्राप्त हुए हैं। मृत्यु में 45% की कमी हुई है।सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझाव के तहत वाहनों पर रिफ्लेक्टिंग टैपिंग लगाने, प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने, महत्वपूर्ण ब्लैक स्पॉट पर साइनेज बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, पीली पट्टी, महत्वपूर्ण मार्गों पर अवैध कट बंद करने, सड़क के मध्य में विज्ञापन बोर्ड जो विजिबिलिटी को कम करते थे उन्हें हटाए जाने सहित रोड मार्किंग,सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, क्रिटिकल क्रैश लोकेशन पीआर एप्सकिट सुधार शामिल हैं। सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझाव पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से अमल करना शुरू किया,जिसके परिणाम सुखद रहे।यह कार्य वर्तमान में भी जारी हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चों से लेकर परिवार तक सड़क संकेतों के साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का अभियान भी चलाया जा रहा है। इन प्रयासों के चलते गत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही उनमें होने वाली मृत्यु में भी गुणात्मक रूप से कमी आई है। जिलाधिकारी ने समस्त जनपद वासियों से ओवर स्पीडिंग, ओवरटेकिंग, नशे में गाड़ी न चलाने तथा दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य पहनने की अपील की है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में और कमी लाई जा सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े परिवहन, लोक निर्माण विभाग,राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सहयोगी विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। साथ ही यह कार्य अनवरत रूप से आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य मार्गों के अवैध कट बंद करने पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य तोड़ने पर उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कट सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु हुई उन्हें बंद किया जा रहा है। अवैध कट को बंद करने की प्रक्रिया में बाधा डालने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
