गाजीपुर। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत नवापुरा कचहरी रोड पर गुरुवार की रात गोबर फेंकने जैसी छोटी सी बात पर दो पक्षों के बीच न केवल गाली-गलौज हुई, बल्कि सरेराह लाइसेन्सी पिस्टल से गोलियां भी चलीं इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गोबर फेंकने के विवाद में चलीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, नवापुरा कचहरी रोड निवासी सुनील कुमार सिंह और अनुराग यादव उर्फ नीरज के बीच गोबर फेंकने की बात को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी। हालांकि, पूर्व में पुलिस ने हस्तक्षेप कर विवाद सुलझा दिया था, लेकिन 29 जनवरी की रात करीब 10:15 बजे विवाद फिर से गहरा गया।
पिस्टल लहराई और किया फायर
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रथम पक्ष के सुनील कुमार सिंह ने अपनी लाइसेन्सी पिस्टल निकालकर दूसरे पक्ष के घर के सामने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अनुराग यादव के भांजे आलोक, अतिज्ञ और उनका मित्र देवम वहां पहुंचे, तो सुनील ने उन्हें दौड़ाते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
जवाबी हमला : पिस्टल छीनकर किया पलटवार
विवाद यहीं नहीं थमा आक्रोशित होकर दूसरे पक्ष के अनुराग यादव, आलोक, अतिज्ञ और देवम लाठी-डंडों और लोहे की रॉड के साथ बाहर निकल आए। उन्होंने सुनील कुमार सिंह को घेरकर उनके हाथ से लाइसेन्सी पिस्टल छीन ली और उन्हीं पर फायर कर दिया। सुनील मौके से जान बचाकर भागने में सफल रहे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने वह पिस्टल पुलिस को सौंप दी।
पुलिस की कार्रवाई : 5 नामजद जांच शुरू
चौकी प्रभारी गोराबाजार, उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा से बताया कि “दोनों पक्षों में सुनील कुमार सिंह, अनुराग यादव, आलोक यादव, अतिज्ञ यादव और देवम सिंह के खिलाफ मुकदमा लिख दिया गया है और जांच की जा रही है।”
फिलहाल, थाना कोतवाली पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह को सौंप दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
