सेवराई (गाजीपुर)।जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने भदौरा शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय गोड़सरा में दो सहायक अध्यापक बिना किसी पूर्व सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने दोनों शिक्षकों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया है।
निरीक्षण के क्रम में बीएसए उपासना रानी वर्मा ने प्राथमिक विद्यालय गोड़सरा एवं उसिया का दौरा किया। गोड़सरा विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित पाई गई। क्षेत्र से लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कई विद्यालयों में शिक्षक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं और कहीं-कहीं शिक्षण कार्य रसोइयों अथवा अन्य कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया गया है। इन्हीं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए BSA ने बिना पूर्व सूचना निरीक्षण का निर्णय लिया।
इस अवसर पर BSA उपासना रानी वर्मा ने कहा कि भदौरा क्षेत्र से प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह औचक निरीक्षण किया गया है। विभागीय नियमों की अनदेखी करने वाले लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीएसए की इस कार्रवाई से क्षेत्र के शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं शिक्षक संगठनों और स्थानीय अभिभावकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी के सक्रिय रुख की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से होते रहेंगे, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी शिकायतों के आधार पर बिना पूर्व सूचना निरीक्षण जारी रहेंगे। दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ वेतन रोकने, निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
