सेवराई (गाजीपुर)।स्थानीय तहसील मुख्यालय पर वर्षों से आम जनता एवं अधिवक्ताओं द्वारा की जा रही शौचालय की मांग आखिरकार पूरी हो गई। क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह ने अपनी विधायक निधि से तहसील परिसर में अत्याधुनिक एवं सुविधायुक्त शौचालय का निर्माण कराकर उसका विधिवत फीता काटकर व नारियल फोड़कर उद्घाटन किया।
उद्घाटन अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सेवराई तहसील में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में फरियादी, अधिवक्ता एवं आम नागरिक आते हैं, लेकिन शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर अधिवक्ताओं एवं जनता द्वारा लगातार मांग की जा रही थी, लेकिन जब सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई, तो उन्होंने स्वयं अपनी विधायक निधि से इस आवश्यक कार्य को पूरा कराने का निर्णय लिया।
विधायक ने कहा कि “यह केवल एक शौचालय नहीं, बल्कि स्वच्छता, सम्मान और सुविधा से जुड़ा विषय है। सेवराई तहसील को गाजीपुर जनपद की एक आदर्श तहसील बनाने का मेरा निरंतर प्रयास है और आने वाले समय में यहां और भी जनहित से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।”
नवनिर्मित शौचालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों सभी को सुविधा मिल सकेगी। अधिवक्ताओं एवं तहसील आने वाले फरियादियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह निर्माण लंबे समय से महसूस की जा रही एक बड़ी आवश्यकता थी। इसके बाद विधायक ओमप्रकाश सिंह ने तहसील मुख्य गेट के बगल में हरिशंकरी पीपल, पाकड़ व बरगद का वृक्षारोपण भी किया ।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी संजय यादव, तहसीलदार सुनील सिंह,खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह, प्रधान सुभाष यादव, विकास सिंह, अशोक सिंह, अनील यादव, रजनीकांत सिंह, संजीव सिंह, महेन्द्र पाण्डे,दयाशंकर सिंह एडवोकेट, अय्याज खां, तहसील प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
