जमानियां। सरकार बदल गई, निजाम बदल गए, लेकिन जमानिया कस्बा स्थित बिजली विभाग के अधिकारियों का रवैया नहीं बदला। जहां एक तरफ सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री लगातार अधिकारियों को समय पर दफ्तर पहुंचने और जनसमस्याएं सुनने की हिदायत दे रहे हैं, वहीं जमानिया बिजली विभाग इन सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखा रहा है।
साहब गायब, ड्राइवर राज
जमानिया बिजली विभाग की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने विभागीय अनुशासन की पोल खोलकर रख दी। कार्यालय के समय पर जब उपभोक्ताओं की भीड़ अपनी समस्याओं को लेकर खड़ी थी, तब विभाग के एसडीओ और बाबू अपनी कुर्सियों से नदारद थे। हद तो तब हो गई जब बाबू की खाली कुर्सी पर एसडीओ साहब के ड्राइवर बड़े शान से आराम फरमाते हुए मिले।
दफ्तर में मौजूद उपभोक्ताओं और स्थानीय लोगों से बात करने पर पता चला कि यह किसी एक दिन की घटना नहीं है। विभाग में यह लापरवाही अब रोज की आदत बन चुकी है। अधिकारी समय पर आते नहीं हैं और जनता अपने बिजली बिल और अन्य समस्याओं को लेकर घंटों इंतजार करने को मजबूर है।
सरकारी आदेशों की खुली अवहेलना
एक तरफ सरकार बिजली विभाग को सुचारू रूप से चलाने के लिए कड़े निर्देश दे रही है, वहीं जमानिया के बिजली विभाग में लापरवाही का यह आलम सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल खड़े करता है।
बिजली विभाग की इस घोर लापरवाही का खामियाजा आखिर कब तक आम जनता भुगतेगी?
