सेवराई। तहसील क्षेत्र के एक स्थानीय गांव में बुधवार को सामान्य वर्ग के युवाओं ने प्रस्तावित यूजीसी कानून के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना था कि प्रस्तावित यूजीसी कानून से उच्च शिक्षा संस्थानों की स्वायत्तता समाप्त हो जाएगी। उनका आरोप है कि इससे छात्रों के भविष्य पर सीधा नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। युवाओं ने यह भी कहा कि बिना व्यापक विचार-विमर्श के शिक्षा व्यवस्था में ऐसा बदलाव छात्रहित के विपरीत है।
युवाओं ने बताया कि इस कानून को लेकर छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय ले। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस प्रदर्शन के दौरान, सवर्ण समाज के लोगों ने गांव की गलियों से जुलूस निकाला, जो तहसील मुख्यालय सेवराई पहुंचा। एसडीएम की अनुपस्थिति में, नायब तहसीलदार को महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल थे।
