धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
मऊ जनपद में फिल्मी स्टाइल से हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का मऊ पुलिस ने महज़ 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने दो दिन पूर्व आज़मी हॉस्पिटल में कार्यरत एक टेक्नीशियन को बंधक बनाकर चार कीमती डायलिसिस मशीनें चोरी कर ली थीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।
घटना को अंजाम देने के दौरान बदमाशों की पूरी करतूत अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। अस्पताल प्रशासन की तहरीर के आधार पर दक्षिणटोला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 15-15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को उस समय धर दबोचा जब वे चोरी की डायलिसिस मशीनों को लखनऊ से गाजीपुर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से चोरी की गई सभी मशीनें भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूरी योजना के तहत अस्पताल को निशाना बनाया था।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं आम जनता में मऊ पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला जनपद मऊ के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
