थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर गांव निवासी महेंद्र यादव की हत्या के 25 दिन बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि इस बीच पुलिस करीब तीन दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर चुकी है, फिर भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हो हैं। इसे लेकर पुलिस की काफी किरकिरी भी हो रही है। उधर पुलिस पर पूछताछ करने के नाम पर बेगुनाहों को बेवजह तंग करने का भी आरोप लग रहा है। फिलहाल एसओ वागीश विक्रम सिंह के साथ ही सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बहुत ही जल्द घटना का राजफाश कर लेने का दावा किया है।
ज्ञातव्य है कि बीते 31 दिसंबर की रात बुढ़नपुर निवासी 48 वर्षीय महेंद्र यादव की धारदार हथियार से सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना तब हुई जब महेंद्र यादव नहर के निकट स्थित ट्यूबवेल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अपने घर खाना लेने के लिए साइकिल से जा रहे थे। हत्यारों ने उनके सिर और चेहरे पर किसी धारदार हथियार से प्रहार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई जयप्रकाश यादव ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। संदिग्धों का कॉल डिटेल चेक करने के साथ ही आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है बावजूद इसके ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले में शिथिल है।
