धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
मऊ जिले में सामूहिक दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर फिरौती वसूलने वाले संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद सरायलखंसी थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गुप्ता उर्फ आकाश गुप्ता (निवासी मजखनी, थाना सरायलखंसी) और सोनू ठठेरा उर्फ सोनू शिल्पकार (निवासी बड़हलगंज, जीयनपुर, आजमगढ़, हाल पता पिपरीडीह, मऊ) के रूप में हुई है। दोनों को बढुआ गोदाम कटरा तिराहे के पास से पकड़ा गया।
संगठित गिरोह का तरीका
पुलिस के अनुसार, गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए महिलाओं को निशाना बनाता था। सामूहिक दुष्कर्म के बाद अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िताओं को धमकाया जाता और फिरौती वसूली जाती थी। गिरोह का सरगना गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के नखतपुर निवासी नसीम अंसारी बताया गया है, जिसने अपने साथियों के साथ यह नेटवर्क खड़ा किया।
गिरोह के सदस्य
नसीम अंसारी – नखतपुर, मरदह, गाजीपुर (सरगना)
अभिषेक पासवान उर्फ लव – ताजपुर पतिला, सरायलखंसी
सोनू ठठेरा उर्फ सोनू शिल्पकार – बड़हलगंज, जीयनपुर (हाल पता पिपरीडीह)
दीपक गुप्ता उर्फ आकाश – मजखनी, सरायलखंसी
अंगद यादव – ताजपुर मठिया
पीड़िता की तहरीर से खुला मामला
सरायलखंसी क्षेत्र की एक किशोरी ने 1 जुलाई 2025 को थाने में नामजद तहरीर दी थी। आरोप है कि 26 जनवरी 2025 की रात आरोपियों ने घर से करीब 100 मीटर दूर बगीचे में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, वीडियो बनाया और विरोध करने पर मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार, वीडियो डिलीट करने के नाम पर ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि नसीम अंसारी ने 18 हजार रुपये नकद और 2 हजार रुपये अतिरिक्त वसूले।
कानूनी कार्रवाई
मामले में सभी आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना पूरी होने के बाद 3 अगस्त 2025 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया। इसके बाद प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है और पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखी गई है।
