धर्मेन्द्र भारद्वाज |
मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोमवार को घोसी कोतवाली पुलिस ने एक शातिर गैंगस्टर को अवैध गांजे की भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को ढाढाचवर मार्ग से आने वाले रास्ते पर हमीदपुर पुलिया के पास से पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 4 किलो 862 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक मदन गुप्ता अपनी टीम के साथ भिखारीपुर इलाके में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हमीदपुर पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक काले रंग का बैग लेकर खड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान बृजेश कुमार उर्फ प्रिंस बांसफोर पुत्र स्वर्गीय रोहित बांसफोर, निवासी मानिकपुर असना, कोतवाली घोसी के रूप में हुई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक कुख्यात गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें घोसी कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट सहित 10 मुकदमे, मधुबन थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित 4 मुकदमे, जबकि दोहरीघाट, सरायलखनसी और मुहम्मदाबाद थानों में एक-एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा बलिया जनपद के भीमपुरा थाने में भी उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार और क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
