गाजीपुर। जनपद के भांवरकोल विकासखंड अंतर्गत अवथही ग्राम सभा की राजभर बस्ती आज भी बुनियादी सुविधा बिजली के लिए संघर्ष कर रही है। करीब 40 से 45 घरों की इस बस्ती में आज़ादी के बाद से अब तक एक भी विद्युत खंभा नहीं गड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजभर समाज के लोगों का कहना है कि मजबूरी में वे अपने खर्चे से केबल का बंडल खरीदते हैं और लगभग 800 मीटर दूर लगे खंभे से तार खींचकर किसी तरह घरों में बल्ब जलाते हैं। लंबी दूरी के कारण केबल जल्दी खराब हो जाती है, जिससे साल में कम से कम एक बार वायर बदलनी पड़ती है। इसके चलते ग्रामीणों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरी बस्ती में केवल 16 बिजली कनेक्शन ही हैं। यदि बस्ती में विद्युत खंभे गड़ जाएं तो कम से कम 20 और घरों में कनेक्शन लिया जा सकता है, लेकिन विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या को जानबूझकर अनदेखा कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख, विधायक और यहां तक कि विद्युत मंत्री तक को पत्रक दे चुके हैं, बावजूद इसके आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजभर बस्ती के लोग खुद को विवश और लाचार महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब सरकार हर घर बिजली पहुंचाने की बात कर रही है, तब आज भी एक पूरा मोहल्ला अंधेरे में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल बस्ती में बिजली के खंभे गड़वाकर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें भी अन्य नागरिकों की तरह मूलभूत सुविधा मिल सके।
